रिसोर्ट में शराब पिलाकर दरिंदगी, 24 साल की युवती की संदिग्ध मौत: मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार, रिसोर्ट सील

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। सोमनी थाना क्षेत्र के मनगटा स्थित विशलिंगवुड्स रिसोर्ट में हुई इस घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना 18 जून की है। आरोपियों ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की योजना बनाई थी। रास्ते में उसे जबरन शराब पिलाई गई और फिर रायपुर से मनगटा स्थित विशलिंगवुड्स रिसोर्ट लाया गया। यहां युवती को लगातार शराब पिलाई गई, जिससे वह पूरी तरह मदहोश हो गई। इसी स्थिति का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान युवती को गंभीर शारीरिक चोटें भी पहुंचीं।

कुछ समय बाद युवती की हालत बिगड़ गई और वह रिसोर्ट में ही अचेत अवस्था में मिली। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी आशुतोष हिरवानी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा उसके दो सहयोगी छत्रपाल देशमुख और घनश्याम बेलचंदन को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों की भूमिका मामले में महत्वपूर्ण पाई गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्य जुटाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *